उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित: हाईस्कूल में 92.10% और इंटर में 85.11% रिजल्ट, बालिकाएं रहीं अव्वल

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद द्वारा हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं का परिणाम घोषित कर दिया है। सूबे के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने रामनगर स्थित विद्यालयी शिक्षा परिषद के सभागार में बोर्ड परीक्षओं के परिणाम जारी किये। इस वर्ष इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल परिणाम 85.11 फीसदी जबकि हाईस्कूल में 92.10 फीसदी रहा है। इस अवसर पर विभागीय मंत्री डाॅ. रावत ने मेधावी छात्रों व उनके अभिभावकों से फोन पर बात कर उन्हें बधाई व शुभकानाएं दी।

सूबे के शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने बोर्ड परीक्षा परिणाम सफलतापूर्व घोषित किये जाने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने इसके लिये परिषद के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शिक्षकों को बधाई दी, उन्होंने कहा कि सभी लोगों के अथक परिश्रम और समर्पण से परीक्षा परिणाम समय पर घोषित किया गया। डाॅ. रावत ने बताया कि इस वर्ष इंटरमीडिएट में कुल परीक्षा परिणाम 85.11 फीसदी रहा। जिसमें बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 81.93 जबकि बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 88.09 रहा है। उन्होंने बताया कि इंटरमीडिएट में कुल 102986 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जिसमें से 100452 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित हुये जबकि 85499 उत्तीर्ण हुये। विगत वर्ष 2025 की तुलना में इस वर्ष इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम 1.88 फीसदी अधिक रहा है।

इसी प्रकार इस वर्ष हाईस्कूल का कुल परीक्षा परिणाम 92.10 फीसदी रहा। जिसमें 88.03 फीसदी बालकों जबकि 96.07 फसदी बालिकाओं ने बाजी मारी। डाॅ. रावत ने बताया कि हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा के लिये 112266 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जिसमें से 108983 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुये जबकि 100373 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुये। हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम विगत वर्ष 2025 की तुलना में 1.33 प्रतिशत अधिक रहा है। जो बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी, शिक्षकों व छात्र-छात्राओं की मेहनत को प्रदर्शित करता है। डा. रावत ने इस अवसर पर परिषदीय परीक्षा की प्रवीणता सूची में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों के साथ फोन पर बातचीत की उन्हें शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर विधायक रामनगर दिवान सिंह बिष्ट, सभापति विद्यालयी शिक्षा परिषद व निदेशक माध्यमिक शिक्षा डाॅ. मुकुुल कुमार सती, सचिव विद्यालयी शिक्षा परिषद विनोद कुमार सेमल्टी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!