देहरादून: छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाली मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक में उत्तराखंड सरकार कई महत्वपूर्ण मुद्दे भी उठाएगी। बैठक में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री धामी छत्तीसगढ़ पहुंच चुके हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में राज्य की विकास योजनाओं व सामरिक महत्व के विषयों पर चर्चा भी होगी।
मुख्यमंत्री धामी राज्य में लंबित जलविद्युत परियोजनाओं को मंजूरी देने का मुद्दा केंद्र सरकार के सामने भी रखेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत नई सड़कों की स्वीकृति, कृषि, स्वास्थ्य, पर्यटन, आपदा प्रबंधन व एकीकृत बाल विकास सेवा से जुड़े मामलों में मानकों में छूट की मांग की जाएगी।

जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत भी किया। बैठक में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु भी मौजूद रहे।