उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ली है। चारों धाम—बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री—बर्फ की सफेद चादर से ढक गए हैं, जहां ताज़ा बर्फबारी के खूबसूरत नज़ारे देखने को मिल रहे हैं।

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक उत्तराखंड के मौसम में अचानक बदलाव आया है। बदरीनाथ और केदारनाथ सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है, जबकि मैदानी इलाकों के लिए तेज आंधी और तूफान की चेतावनी जारी की गई है।

उत्तराखंड में आज गुरुवार को मौसम ने अचानक रुख बदल लिया। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में सुबह हुई बर्फबारी से एक बार फिर कड़ाके की ठंड लौट आई है। मौसम विभाग ने पहले ही ऐसे बदलाव के संकेत दिए थे।

मौसम की इस करवट से पहाड़ी इलाके बर्फ की सफेद चादर से ढक गए, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के बीच नज़ारे बेहद आकर्षक दिखाई दे रहे हैं। वहीं मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम का अलग ही रूप देखने को मिल रहा है, जहां कई स्थानों पर बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक का असर बना हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

उधर उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों में भी तेज हवाओं के साथ मौसम के खराब होने की आशंका जताई गई है। विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और बिना जरूरत यात्रा न करने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!