देहरादून: मां नंदा देवी की बड़ी जात और नंदा देवी राजजात के आयोजन को लेकर एकराय बनाने की कोशिशें तेज हो गई हैं। बीते दिनों नंदा देवी बड़ी जात आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा था। इसमें मां नंदा की डोलियों और छंतोलियों के यात्रा पड़ावों के रख-रखाव और बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए संबंधित विभागों को निर्देश देने की मांग की गई थी।
इस पर मुख्यमंत्री ने गढ़वाल कमिश्नर को निर्देश दिए कि नंदा देवी बड़ी जात आयोजन समिति और नंदा देवी राजजात समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर मामले में सहमति बनाई जाए। बड़ी जात आयोजन समिति के अध्यक्ष कर्नल हरेंद्र सिंह रावत (सेनि) और महामंत्री अशोक गौड़ ने मुख्यमंत्री को बताया कि मां नंदा की इच्छा के अनुरूप नंदा देवी बड़ी जात का आयोजन वर्ष 2026 में किया जाना चाहिए और यह आयोजन क्षेत्र की जनभावनाओं के अनुरूप है।
मुख्यमंत्री ने गढ़वाल कमिश्नर को निर्देश दिए कि दोनों समितियों के साथ बैठक कर नंदा जात के आयोजन को लेकर समाधान निकाला जाए। गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे ने कहा कि जल्द ही नंदा बड़ी जात और नंदा राजजात समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी, ताकि आयोजन को लेकर एकराय बनाई जा सके। उन्होंने कहा कि नंदा राजजात को भव्य और दिव्य बनाने के लिए सभी की सहभागिता आवश्यक है।
इस अवसर पर कुमाऊं राज परिवार के युवराज नरेंद्र चंद्र राज सिंह, बीकेटीसी के पूर्व अध्यक्ष एवं उच्च न्यायालय के अधिवक्ता विनोद नौटियाल, नंदा देवी राजजात समिति अल्मोड़ा के अध्यक्ष मनोज वर्मा, राज परिवार के धीरेंद्र सिंह, पार्षद अमित साह, पार्षद अर्जुन बिष्ट, विक्रम सिंह साह, नंदा देवी समिति के सदस्य आशीष अग्रवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
उधर, टिहरी राज परिवार मां नंदा की बड़ी जात का आयोजन वर्ष 2027 में कराने के पक्ष में है। बड़ी जात आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने टिहरी राज परिवार के भवानी सिंह शाह से मुलाकात कर 2026 में ही आयोजन करने का आग्रह किया, लेकिन भवानी सिंह शाह 2027 में आयोजन के पक्षधर नजर आए। वहीं, कुमाऊं राज परिवार और नंदा राजजात समिति अल्मोड़ा के पदाधिकारी 2026 में ही बड़ी जात के आयोजन के समर्थन में हैं।
नंदा देवी बड़ी जात को लेकर पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश
नंदा देवी की बड़ी जात के आयोजन को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुरजीत पंवार ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने भराड़ीसैंण में प्रस्तावित बजट सत्र और आगामी चारधाम यात्रा को लेकर भी पुख्ता तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा है।
शुक्रवार को पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी ने यात्रा पड़ावों पर पर्याप्त पुलिस व्यवस्था करने, यात्रा मार्ग में पड़ने वाले थाना क्षेत्रों में अस्थायी पुलिस चौकियों के प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर पुलिस कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए। चारधाम यात्रा के मद्देनजर हाईवे पर मलबा हटाने, बैरियर और साइन बोर्ड लगाने, चौकियों व चेक पोस्ट की मरम्मत के लिए संबंधित विभागों से समन्वय करने को भी कहा गया।
इसके अलावा राजस्व क्षेत्र से पुलिस में शामिल हुए गांवों में चौकीदारों की नियुक्ति और भराड़ीसैंण में आगामी बजट सत्र को देखते हुए आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य के लिए एसएसआई कर्णप्रयाग संजय नेगी और गौचर चौकी प्रभारी मानवेंद्र गुसाईं को ‘पुलिस मैन ऑफ द मंथ’ चुना गया।