टीएचडीसी की निर्माणाधीन विष्णुगाड–पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना में दो लोको ट्रेनों की टक्कर के मामले में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने संज्ञान लिया है। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
राज्य आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन के अनुसार हादसे में कुल 86 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 68 घायलों को चमोली जिला अस्पताल व 18 को पिपलकोटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चार लोगों को मामूली फ्रैक्चर हुआ है, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी भी दे दी गई है। सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना को गंभीरता से लेते हुए चमोली जिलाधिकारी ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए हैं। वहीं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से नोटिस जारी करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी भी जा सके।