मसूरी विंटरलाइन कार्निवाल 2025 की तैयारियों का मंत्री गणेश जोशी ने लिया जायजा

देहरादून। मसूरी में 24 से 29 दिसंबर तक प्रस्तावित विंटरलाइन कार्निवाल 2025 को लेकर पर्यटन एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने आज मंगलवार को राजपुर रोड स्थित मंथन सभागार में तैयारियों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने कार्निवाल को भव्य व आकर्षक बनाने के लिए सभी विभागों को विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी किए।

बैठक में शोभायात्रा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, एडवेंचर स्पोर्ट्स, मोटर बाइक रैली, मैराथन, नेचर वॉक, स्टार गेजिंग, फूड फेस्टिवल, विन्टेज रैली व पारंपरिक आयोजनों सहित कई गतिविधियों पर चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि सभी कार्यक्रमों की रूपरेखा समयबद्ध तरीके से तैयार कर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित भी किया जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि कार्निवाल अवधि में पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पार्किंग, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा, पेयजल-विद्युत आपूर्ति, अलाव व्यवस्था व सफाई जैसे सभी प्रबंध पूर्व में ही दुरुस्त कर लिए जाएं। जोशी ने स्थानीय कलाकारों और उत्तराखंड की संस्कृति को प्राथमिकता देने पर खास जोर भी दिया।

फूड फेस्टिवल में पहाड़ी व्यंजनों के साथ-साथ मिलेट्स आधारित खाद्य पदार्थों को प्रमुखता से शामिल करने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने कहा कि कार्निवाल राज्य की संस्कृति, परंपराओं व स्थानीय उत्पादों के प्रचार-प्रसार का महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए व्यापक स्तर पर प्रमोशन भी किया जाए।

बैठक में डीएम देहरादून सविन बसल, सीडीओ अभिनव शाह, एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया सहित जिला प्रशासन व कार्निवाल समिति के अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!