25 वें साल में उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में होगा : धामी

प्रदेश सरकार के 100 दिन पूरे होने पर विकास पुस्तिका का विमोचन 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि उत्तराखंड राज्य निर्माण को 22 वर्ष हो गए। उनका प्रयास होगा कि 25 वे साल में उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में हो। मुख्यमंत्री प्रदेश सरकार के 100 दिन पूर्ण होने के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास पर सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पत्रकारों को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग द्वारा प्रकाशित विकास पुस्तिका ” 100 दिन विकास के समर्पण और प्रयास के ” का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं के समाधान को प्रतिबध्द है। इसीलिए उन्होंने सचिवालय में आगंतुकों से मिलने के दिन तय किए हैं। सचिवालय में प्रत्येक दिन सरकार के अधिकारी लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका निवारण करेंगे। इसी तरह से जनपद मुख्यालयों और दूरस्थ क्षेत्रों में प्रतिदिन एक बजे तक अफसरों को जनसमस्याओं को सुनने के निर्देश दिए गए हैं। धामी ने कहा कि उनकी सरकार का उद्देश्य स्थापना के 25 वे वर्ष में उत्तराखंड को देश के अग्रणी

राज्य में लाने के साथ ही प्रदेश में बेहतर कार्य संस्कृति विकसित करना है। इसके लिए अफसरों को रोडमैप तैयार करने को कहा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि उनकी सरकार पहले 100 दिन के लिए गए संकल्प के अनुसार आगे बढ रही है। समान नागरिक संहिता लागू करना सरकार की प्राथमिकता में है और इसके लिए सरकार सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में कमेटी गठित कर दी है। यह कमेटी लोगों के विचार लेगी जिससे समान नागरिक संहिता को लागू करने में प्रदेश वासियों की सहभागिता हो सके। मुख्यमंत्री के अनुसार वे कोशिश करेंगे कि सरकार के हर कार्य में लोगों की सहभागिता और सहमति हो। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में वृद्धावस्था, विधवा पेंशन आदि को बढाए जाने की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि सफाई कर्मियों का मानदेय बढाकर पांच सौ रूपया कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार केदारपुरी के विकास, भारत माला और मानस खंड मिशन पर तेजी से कार्य कर रही है। स्वरोजगार की योजनाओं पर भी ठोस कार्य किया जा रहा है। इस अवसर कैबिनेट मंत्री डा धन सिंह रावत, गणेश जोशी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग के संयुक्त निदेशक केएस चौहान ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!