
सूरज रोहिला द्वारा /जींद (हरियाणा)। राजकीय महाविद्यालय जुलाना में आज महिला सेल द्वारा एक दिवसीय काउंसलिंग वर्कशॉप का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्राचार्य ‘डॉ यशपाल सिंह’ जी रहे और उन्होंने छात्राओं से उनकी समस्याओं के बारे में विचार विमर्श किया और साथ ही उनको बताया कि किस तरह से पढ़ाई को रुचिकर बनाया जाए, अध्ययन के अभ्यास के लिए कौन-कौन सी तकनीकों का प्रयोग किया जाए। साथ ही उन्होंने 16 जून 2022 से शुरू होने वाली परीक्षाओं के तनाव को किस तरह कम किया जाए, के बारे में भी छात्राओं को जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान महिला सैल प्रभारी ‘डॉ ज्योति लडवाल’ ने छात्राओं को समझाया कि उन्हें अपने आप को स्वच्छ रखने के साथ-साथ आसपास के वातावरण को भी स्वच्छ रखना है, ताकि हमारे प्रधानमंत्री जी का स्वच्छ भारत और स्वस्थ भारत का सपना साकार हो सके।
इसी कड़ी में ‘डॉ नेहा मित्तल’ ने छात्राओं को बताया कि महाविद्यालय में महिला सेल लड़कियों की हर प्रकार की समस्याओं के समाधान के लिए काम करता है और उनके शारीरिक, मानसिक और कौशल विकास के लिए विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन करता है। इस कार्यक्रम के दौरान महिला सेल के अन्य सदस्य श्रीमती नीरज का धानिया कुमारी नीशू गुप्ता और डॉ उषा भी मौजूद रहे।