चार धाम यात्रा कल से, कई राज्यों से श्रद्धालुओं का ऋषिकेश पहुंचना शुरू

एसकेविरमानी / ऋषिकेश, 2 मई। अक्षय तृतीया यानी कि मंगलवार के दिन चारधाम यात्रा शुरू होने जा रही है। चार धाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यात्रा के प्रमुख संचालन केंद्र ऋषिकेश में तैयारियां पूरी कर ली गई है। साथ ही ऋषिकेश में कई प्रदेशों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचने शुरू हो गए हैं। अभी तक चारधाम यात्रा के लिए कुल 3 लाख 56 हजार 148 श्रद्धालु अपना पंजीकरण करा चुके है। रविवार को भी ऋषिकेश स्थित पंजीकरण कार्यालय पंजीकरण कराने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।

समाचार लिखे जाने तक यमुनोत्री के लिए 59395, गंगोत्री के लिए 61403, केदारनाथ के लिए 128696, बदरीनाथ के लिए 103692 और श्री हेमकुंड धाम के लिए 2962 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है। वहीं दूसरी ओर परिवहन विभाग की ओर से यात्रा मार्ग पर रविवार से चेक पोस्ट खोल दी गई है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन अरविद कुमार पांडेय ने बताया कि गंगोत्री हाईवे पर भद्रकाली और बदरीनाथ हाईवे पर ब्रह्मपुरी में चेकपोस्ट स्थापित कर अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है। रविवार से ही अन्य प्रदेशों से आने वाले वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड सुविधा उपलब्ध करा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!