स्मार्ट ऑटोमेटेड पार्किंग परियोजना अंतिम चरण में, जल्द मिलेगी ट्रैफिक व पार्किंग से राहत
देहरादून: शहर की ट्रैफिक और पार्किंग समस्याओं को सुलझाने की दिशा में एक बड़ी सफलता मिलने जा रही है। देहरादून में निर्माणाधीन स्मार्ट ऑटोमेटेड पार्किंग परियोजना अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश और जिलाधिकारी सविन बंसल की सतत निगरानी में यह आधुनिक सुविधा जल्द ही जनता के लिए शुरू होने वाली है।
तीन प्रमुख स्थानों—तिब्बती मार्केट के सामने, परेड ग्राउंड और कोरोनेशन अस्पताल परिसर—में विकसित की जा रही यह स्मार्ट पार्किंग व्यवस्था न केवल भीड़भाड़ को नियंत्रित करेगी, बल्कि लोगों को एक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और टेक्नोलॉजी-आधारित पार्किंग अनुभव भी देगी।
खास तौर पर कोरोनेशन अस्पताल परिसर में स्मार्ट पार्किंग के साथ चिकित्सा क्षेत्र के भौतिक ढांचे को भी नया स्वरूप दिया जा रहा है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को और अधिक सुविधा मिल सकेगी।
डीएम सविन बंसल की इस पहल को शहरी विकास का एक आदर्श मॉडल माना जा रहा है, जो आने वाले समय में राज्य के अन्य शहरों के लिए भी प्रेरणा बन सकता है।