उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में प्रशासन ने देर रात सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर बनाए गए एक अवैध धार्मिक स्थल को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई नगर निगम, लोक निर्माण विभाग (PWD), दून अस्पताल प्रशासन और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
यह धार्मिक स्थल दून अस्पताल परिसर की भूमि पर बना हुआ था। प्रशासन ने भारी पुलिस बल की सुरक्षा में बुलडोजर चलवाकर भूमि को कब्जामुक्त कराया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
प्रशासन ने बताया कि अब तक देहरादून और प्रदेशभर में 600 से अधिक अवैध धार्मिक स्थलों को ध्वस्त किया जा चुका है। यह कार्रवाई उच्च न्यायालय के आदेशों और सरकार की नीति के तहत की जा रही है, जो सरकारी भूमि पर अतिक्रमण को हटाने का निर्देश देती है।