13 साल बाद गूंजे बर्फ के कंप्रेसर, स्पोर्ट्स कॉलेज का आइस रिंक फिर से तैयार
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के आइस रिंक में बुधवार को एक ऐतिहासिक क्षण सामने आया, जब 13 वर्षों से निष्क्रिय पड़े बर्फ बनाने वाले कंप्रेसर आखिरकार फिर से चालू कर दिए गए। लंबे समय से बंद पड़े इस रिंक को दोबारा सक्रिय करने की दिशा में यह एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
खेल विभाग का लक्ष्य है कि 26 अप्रैल तक रिंक पर बर्फ जमना शुरू हो जाए, जिससे उत्तराखंड के आइस स्पोर्ट्स खिलाड़ियों को एक स्थायी प्रशिक्षण स्थल मिल सके। रिंक के पुनः संचालन में तकनीकी सहायता देने के लिए अमेरिका से दो विशेषज्ञ इंजीनियर देहरादून पहुंचे हैं। वे रिंक के बेसमेंट में लगे कूलिंग सिस्टम और कंप्रेसर की प्रोग्रामिंग व ट्यूनिंग का कार्य कर रहे हैं। ये कंप्रेसर पिछले 13 वर्षों से बंद पड़े थे, जिन्हें अब दोबारा सक्रिय किया जा रहा है।
खेल विशेषज्ञों और कुछ अधिकारियों का मानना है कि जब राज्य सरकार अभी तक 38वें राष्ट्रीय खेलों से जुड़ी 100 करोड़ रुपये की देनदारियों को भी पूरा नहीं कर पाई है, तब पुराने ढांचे को पुनर्जीवित करने में बजट खर्च करना कितना उचित है? इस पर खेल विभाग के विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा ने सफाई दी कि, “आइस रिंक कोई नया प्रोजेक्ट नहीं है। उपकरण पहले से लगे थे, जिन्हें अब केवल सक्रिय किया जा रहा है। राज्य के खिलाड़ियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।”