‘प्रवेशोत्सव’ का शुभारंभ, सरकारी स्कूलों में नामांकन को बढ़ावा देने की दिशा में कदम

उत्तराखंड सरकार ने शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। राज्य के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज राजकीय इंटर कॉलेज, रानीपोखरी में ‘प्रवेशोत्सव’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मंत्री ने नवप्रवेशित छात्रों का स्वागत किया और ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत शिक्षा विभाग की आगामी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी।

डॉ. रावत ने इस मौके पर कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य सरकारी स्कूलों में शत-प्रतिशत छात्र नामांकन सुनिश्चित करना है। इसके तहत ‘प्रवेशोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बच्चों को विद्यालय में दाखिला दिलाने के साथ-साथ उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें भी वितरित की जा रही हैं। यह पहल सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर को बढ़ाने और बच्चों को एक बेहतर भविष्य देने की दिशा में एक अहम कदम है। नई शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 के तहत राजकीय विद्यालयों को बेहतर सुविधाओं से लैस कर रही है। इन सुविधाओं में बिजली, पानी, शौचालय, फर्नीचर, स्मार्ट क्लास, वर्चुअल क्लास, अटल टिंकरिंग लैब और आधुनिक प्रयोगशालाएं शामिल हैं। इसके अलावा, शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए स्थायी नियुक्तियों की प्रक्रिया भी तेजी से चल रही है।

इस कार्यक्रम में कक्षा 6, 9 और 12 में प्रवेश लेने वाले 23 नवप्रवेशित छात्रों का फूलमालाओं से स्वागत किया गया। इसके साथ ही, उन्हें नई पाठ्यपुस्तकें प्रदान की गईं। डॉ. रावत ने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का आश्वासन दिया और उनकी पढ़ाई में हर संभव मदद करने का वादा किया।

पौड़ी जनपद में भी ‘प्रवेशोत्सव’ कार्यक्रम
रानीपोखरी में कार्यक्रम के बाद, मंत्री डॉ. रावत ने राजकीय इंटर कॉलेज, सबदरखाल (पौड़ी) में भी ‘प्रवेशोत्सव’ में भाग लिया। यहां उन्होंने नवप्रवेशित छात्रों और उनके अभिभावकों से संवाद किया और स्कूलों में शिक्षा के स्तर को बढ़ाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!