बॉलीवुड अभिनेत्री उर्वशी रौतेला द्वारा बदरीनाथ धाम के निकट स्थित उर्वशी मंदिर को अपने नाम से जोड़ने के बयान पर धार्मिक विवाद गहराता जा रहा है। बदरीनाथ के पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल और उत्तराखंड चारधाम तीर्थपुरोहित महापंचायत ने इस बयान को धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए अभिनेत्री से सार्वजनिक माफी की मांग की है।
“उर्वशी मंदिर माता सती को समर्पित है” – भुवन चंद्र उनियाल
पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल ने कहा कि उर्वशी मंदिर का संबंध प्राचीन धार्मिक परंपराओं और मान्यताओं से है। उन्होंने स्पष्ट किया:
“यह मंदिर माता सती को समर्पित है, जिनके अंग अग्निकुंड में देह त्याग के बाद विभिन्न स्थानों पर गिरे थे। इसी आधार पर भारत में 108 शक्तिपीठों की मान्यता है। किसी व्यक्ति विशेष द्वारा इस मंदिर को अपने नाम से जोड़ना दुर्भाग्यपूर्ण और धार्मिक अपमान है।”
तीर्थपुरोहित महापंचायत ने दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
चारधाम तीर्थपुरोहित महापंचायत के महासचिव डॉ. बृजेश सती और प्रवक्ता अनिरुद्ध प्रसाद उनियाल ने अभिनेत्री के बयान पर गंभीर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि “सोशल मीडिया पर वायरल एक इंटरव्यू में उर्वशी रौतेला ने दावा किया कि बदरीनाथ के पास स्थित उर्वशी मंदिर उनके नाम पर है और लोग वहां उनके नाम पर मत्था टेकने आते हैं। यह जनमानस की आस्था का अपमान है।”
महापंचायत ने अभिनेत्री से बयान तुरंत वापस लेने और माफी मांगने की मांग की है। साथ ही चेताया कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो उनके खिलाफ न्यायालय में याचिका दायर की जाएगी।