देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) द्वारा राज्यभर में 20 अप्रैल से शुरू किए जाने वाले वक्फ जनजागरण अभियान की जानकारी दी। इस अभियान का उद्देश्य वक्फ संपत्तियों का उपयोग गरीबों, पसमांदा मुस्लिम समुदाय और महिलाओं के कल्याण में सुनिश्चित करना है। उन्होंने यह भी कहा कि “गरीबों का हक, सिर्फ गरीबों को मिलेगा” इस संदेश के साथ यह अभियान चलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यशाला के दौरान स्पष्ट किया कि वक्फ संशोधन कानून धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाए बिना पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करेगा। उन्होंने बताया कि वक्फ बोर्ड की सभी संपत्तियों की एक-एक इंच भूमि की जांच की जाएगी, और अवैध कब्जों को हटाकर उस ज़मीन पर PM आवास, अस्पताल और शिक्षा संस्थान बनाए जाएंगे, ताकि समाज के जरूरतमंद मुस्लिम महिलाओं, विधवाओं और अनाथ बच्चों को लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री का विपक्ष पर हमला:
मुख्यमंत्री धामी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने वक्फ संपत्तियों का इस्तेमाल वोटबैंक की राजनीति के लिए किया, जबकि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने 370 हटाना, तीन तलाक खत्म करना और CAA लागू करने जैसे ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। उन्होंने विपक्ष से सवाल किया कि लाखों करोड़ की वक्फ संपत्तियां होने के बावजूद गरीबों के लिए उनका उपयोग क्यों नहीं किया गया?
वक्फ संपत्तियों की होगी गहन जांच:
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि उत्तराखंड में वक्फ बोर्ड की करीब 5700 संपत्तियां दर्ज हैं, जिनका सत्यापन किया जाएगा और अवैध कब्जों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून का पालन सुनिश्चित करते हुए गरीबों के हक की रक्षा की जाएगी।
कार्यशाला के प्रमुख बिंदु:
20 अप्रैल से 5 मई तक राज्यभर में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
हर जिले और मंडल स्तर पर प्रशिक्षण और संवाद कार्यक्रम होंगे।
अल्पसंख्यक समाज तक इस कानून के फायदे पहुंचाने पर फोकस रहेगा।
कांग्रेस सरकारों द्वारा किए गए वक्फ कानून में की गई गलतियों का सुधार किया जाएगा।
वक्फ बोर्ड अध्यक्ष का खुलासा:
उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स ने बताया कि पहले वक्फ संपत्तियों का बड़े स्तर पर दुरुपयोग हुआ। कई जगहों पर बोर्ड ने सरकारी और निजी जमीनों पर भी कब्जा कर लिया। अब इस संशोधन के बाद पारदर्शिता सुनिश्चित होगी और गरीब मुसलमानों को उनका हक मिलेगा।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष इंतजार हुसैन, विधायक खजान दास और भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।