“उत्तराखंड में मौसम करवट लेने को तैयार, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी”

देहरादून : प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने को तैयार है। देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, आगामी दिनों में पर्वतीय इलाकों के साथ-साथ कुछ मैदानी क्षेत्रों में भी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। इसके चलते पहाड़ों में ठंडक का एहसास होगा और मैदानी क्षेत्रों को गर्मी से कुछ राहत भी मिल सकती है।

आज कुछ ज़िलों में येलो अलर्ट

बृहस्पतिवार को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही तेज गर्जना और बिजली चमकने की आशंका को देखते हुए इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। बाकी जिलों में मौसम फिलहाल शुष्क बने रहने का अनुमान है।

18-19 अप्रैल को ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने आगामी 18 अप्रैल को देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी और नैनीताल जिलों में बारिश और ओलावृष्टि के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, 19 अप्रैल को प्रदेश के अधिकांश जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि का अनुमान है। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट और मौसम में ठंडक बनी रहने की संभावना है।

किसानों और यात्रियों के लिए चेतावनी

मौसम विभाग ने किसानों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से पर्वतीय इलाकों में यात्रा कर रहे लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा पर निकलें और आवश्यक सतर्कता बरतें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!