चारधाम यात्रा मार्गों पर तीर्थयात्रियों को मिलेगा स्वास्थ्यवर्धक भोजन, ‘आज से थोड़ा कम’ अभियान शुरू

देहरादून : चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों को स्वस्थ और पोषक भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने एक अभिनव पहल की शुरुआत की है। ‘आज से थोड़ा कम’ नामक इस अभियान का उद्देश्य भोजन में अतिरिक्त नमक, चीनी और वसा की मात्रा को सीमित कर हृदय रोग, मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों की रोकथाम करना है।

स्वास्थ्य सचिव एवं आयुक्त डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि यह अभियान अब मैदान में लागू हो चुका है और यात्रा मार्गों के रेस्टोरेंट, होटलों और भोजनालयों को इसमें शामिल किया जा रहा है। उन्हें यह प्रोत्साहन दिया जा रहा है कि वे शेफ और पोषण विशेषज्ञों के सहयोग से स्वास्थ्यवर्धक व्यंजन तैयार करें और पोषण संतुलन का विशेष ध्यान रखें।

जागरूकता बढ़ाने पर ज़ोर
‘आज से थोड़ा कम’ अभियान के तहत फ्लेक्स बैनर, पोस्टर और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से तीर्थयात्रियों और भोजनालय संचालकों को जागरूक किया जा रहा है। डॉ. कुमार ने कहा, “यह अभियान मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के स्पष्ट दिशा-निर्देशों के अंतर्गत शुरू किया गया है, जिसका उद्देश्य है — तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य की गारंटी।”

‘रुको’ पहल – प्रयुक्त खाद्य तेल के दुष्प्रभावों पर रोक
अभियान के तहत एक और महत्वपूर्ण पहल – रीपर्पज यूज्ड कुकिंग ऑयल (रुको) – भी शुरू की गई है। इसका उद्देश्य बार-बार उपयोग किए गए खाद्य तेल के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले हानिकारक प्रभावों को रोकना है। अब प्रयुक्त तेल को एकत्र कर उसे बायोडीजल, साबुन और अन्य गैर-खाद्य उत्पादों में उपयोग किया जाएगा। इससे न केवल हृदय और यकृत संबंधी बीमारियों से बचाव होगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।

‘ट्रिपल ईईई रणनीति’ से खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित
डॉ. राजेश कुमार ने जानकारी दी कि खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने ‘ट्रिपल ईईई रणनीति’ (Educate, Enforce, Establish – शिक्षित करना, लागू करना और स्थापित करना) को अपनाया है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और पोषक भोजन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

मानकों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई
अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी ने स्पष्ट किया कि विभाग यात्रा मार्गों पर खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा, “यदि कोई खाद्य व्यवसायी गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग किसी भी प्रकार की *मिलावट या खाद्य असुरक्षा को बर्दाश्त नहीं करेगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!