देहरादून में बाइक हादसे में 3 युवकों की मौत, 2 अग्निवीर थे शामिल

राजधानी देहरादून में बीते मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब एक बाइक डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में बाइक पर सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जिनमें से दो अग्निवीर थे। हादसा रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच हुआ, और दुर्घटना में घायल तीनों युवकों में से एक की रात, एक की बुधवार दोपहर और तीसरे की शाम को अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

हादसे की जानकारी देते हुए सीओ डालनवाला अनुज आर्य ने बताया कि मृतकों की पहचान उत्तरकाशी के पुरोला के आदित्य रावत (21), नौगांव के नवीन (20) और मोहित रावत (21) के रूप में हुई है। आदित्य और मोहित दोनों अग्निवीर के रूप में चयनित हुए थे और उनकी ट्रेनिंग शुरू होने वाली थी। नवीन भी सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा था। हादसे की खबर सुनते ही मृतकों के परिवार वाले गहरे सदमे में हैं।

सीओ ने बताया कि तीनों युवक राजपुर से घंटाघर की ओर बाइक से जा रहे थे। जब वे राजपुर रोड पर सिल्वर सिटी के पास पहुंचे, तो बाइक डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत दून अस्पताल भेजा गया, जहां मोहित की रात को ही मौत हो गई। आदित्य की मौत बुधवार दोपहर, और नवीन की मौत बुधवार शाम को हुई।

आदित्य और मोहित करणपुर में रहते थे, जबकि नवीन सहस्त्रधारा रोड पर अपने परिवार के साथ रहता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!