मंत्री सुबोध उनियाल ने भू कानून को भूमि प्रबंधन और संरक्षण की मजबूत नींव बताया, विपक्षी दलों पर आरोप

उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने राज्य में लागू किए गए भू कानून को भूमि प्रबंधन और संरक्षण की मजबूत नींव बताते हुए विपक्षी दलों के सवालों को नकारात्मक और झूठा करार दिया। मंत्री ने कहा कि भू कानून से जुड़ी किसी भी भ्रांति का जवाब देने के लिए राज्य सरकार जनता से प्राप्त सुझावों पर गंभीरता से विचार करेगी।

सुबोध उनियाल ने बयान में कहा, “कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल सदन में सर्वसम्मति से पारित इस कानून पर भ्रम और झूठ फैला रहे हैं। यह कानून उत्तराखंड के संसाधनों और जमीनों को भू माफियाओं से बचाए रखने के लिए लाया गया है, जैसा कि हमने जनता से वादा किया था। कुछ प्रावधानों को लेकर गलतफहमियां पैदा करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन जब यह कानून लागू होगा, तो इसका वास्तविक लाभ सभी देवभूमिवासियों को दिखाई देगा।”

उन्होंने आगे कहा, “मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं सदन में कहा था कि यह संशोधन भू सुधारों का अंत नहीं, बल्कि एक शुरुआत है। हम जन भावनाओं के अनुरूप राज्य के संसाधनों के प्रबंधन और संरक्षण के लिए इस कानून की नींव पर एक मजबूत ढांचा तैयार करेंगे।”

विपक्षी दलों पर हमला करते हुए मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा, “जो लोग दो कानूनों की बात कर रहे हैं, वही लोग राज्य का विकास नहीं चाहते हैं। जब मुख्यमंत्री ने राज्य में 3 लाख करोड़ रुपये का निवेश लाने की बात की थी, तो वे लोग कहते थे कि उद्योगों के लिए भूमि नहीं है। अब जब सरकार ने निवेश के दृष्टिकोण से हरिद्वार और उधम सिंह नगर को भू कानून से छूट दी, तो वही लोग कानून के विभाजन का रोना रो रहे हैं।”

मंत्री ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह कभी नहीं चाहती थी कि देवभूमि के संसाधनों और स्वरूप को बचाया जाए। उन्होंने कहा, “कांग्रेस सरकार के समय राज्य की भूमि और संसाधनों को माफियाओं के हाथों लुटवाने का काम हुआ था। वहीं, बीजेपी सरकार ने कानून लाने से पहले ही गलत मंशा से जमीन खरीदने वालों के खिलाफ कार्यवाही की थी। इस जांच में 599 भू-उपयोग उल्लंघन के मामलों में से 572 का निस्तारण करते हुए 9.4760 हेक्टेयर भूमि राज्य सरकार के पास निहित की गई।”

सुबोध उनियाल ने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की नीति और बीजेपी सरकार के सिद्धांतों पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा, “भा.ज.पा. सरकार जनता के सुझावों के अनुसार भविष्य में सुधारों की आवश्यकता महसूस होने पर उन पर खुले मन से विचार करेगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!