राजभवन देहरादून में इस वर्ष वसंतोत्सव 2025 का आयोजन 7 से 9 मार्च के बीच किया जाएगा। कार्यक्रम की तिथि बुधवार को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में तय की गई। राज्यपाल ने इस आयोजन को और अधिक प्रभावशाली एवं व्यापक बनाने के लिए जनभागीदारी और प्रचार-प्रसार को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
पुष्प उत्पादकों और महिला समूहों को मिलेगा लाभ
राज्यपाल ने कहा कि वसंतोत्सव प्रदेश के पुष्प उत्पादकों और महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए एक बड़ा मंच है, जिससे उन्हें आर्थिक लाभ के अवसर मिल सकते हैं। उन्होंने आयोजन को व्यावसायिक दृष्टिकोण से देखने और उत्तराखंड के पुष्पों व सगंध पौधों की मार्केटिंग को राज्य की सीमाओं से बाहर ले जाने की बात कही।
फूड कोर्ट में मिलेट व्यंजन होंगे आकर्षण
राज्यपाल ने निर्देश दिए कि वसंतोत्सव में आईएचएम और जीएमवीएन के सहयोग से फूड कोर्ट लगाया जाए, जिसमें पारंपरिक मोटे अनाज (मिलेट) पर आधारित व्यंजनों को प्राथमिकता दी जाए। इससे स्थानीय व्यंजनों को बढ़ावा मिलेगा और मिलेट मिशन को भी मजबूती मिलेगी।
शहद उत्पादन और फीडबैक सिस्टम पर जोर
राज्यपाल ने शहद उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए जीबी पंत कृषि विश्वविद्यालय को विशेष स्टॉल लगाने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने आयोजन के दौरान फीडबैक सिस्टम लागू करने की आवश्यकता बताई, जिससे भविष्य में और बेहतर आयोजन सुनिश्चित किए जा सकें।
फूलों की प्रदर्शनी में 162 पुरस्कार
अधिकारियों ने जानकारी दी कि वसंतोत्सव में फूलों की प्रदर्शनी के अंतर्गत 15 श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी और कुल 162 पुरस्कार दिए जाएंगे। आयोजन को और रंगारंग बनाने के लिए आईटीबीपी, आईएमए, पीएसी और होमगार्ड के बैंड भी प्रस्तुति देंगे।
बैठक में शामिल प्रमुख अधिकारी
बैठक में महानिदेशक होमगार्ड डॉ. पीवीके प्रसाद, सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, सचिव कृषि एवं कृषक कल्याण एसएन पांडेय, अपर सचिव स्वाति एस भदौरिया, मनु महाराज, दीप्ति सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।