योगासन प्रतियोगिता के दौरान जिन खिलाड़ियों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी हुई थी, उनके हाल-चाल जानने के लिए खेल मंत्री रेखा आर्या सोमवार देर शाम अल्मोड़ा पहुंच गईं। खेल मंत्री ने घटनास्थल पर पहुंचकर खिलाड़ियों से बातचीत की और उनका स्वास्थ्य स्थिति का जायज़ा लिया। उन्होंने बताया कि सभी खिलाड़ी अब पूरी तरह से फिट हैं और प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए तैयार हैं।
एक दिन पहले खबरें आई थीं कि अल्मोड़ा में आयोजित योगासन प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आए तमिलनाडु के दो-तीन खिलाड़ियों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी हुई थी। इन खबरों के बाद खेल मंत्री रेखा आर्या ने कार्यक्रम में अचानक बदलाव करते हुए अल्मोड़ा पहुंचकर खिलाड़ियों का हाल-चाल लिया। इस दौरान खेल मंत्री ने चिकित्सकों की टीम से भी बात की और स्थिति की गंभीरता की जानकारी प्राप्त की।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा, “यह समस्या मौसमी बदलाव के कारण हुई थी। सभी खिलाड़ी अब पूरी तरह फिट हैं और वह पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार अपनी खेल स्पर्धाओं में भाग लेने के लिए तैयार हैं।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हर आयोजन स्थल पर ऐसी किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सक्षम चिकित्सकों की टीम मौजूद रहती है। इसके साथ ही सरकारी चिकित्सकों के अलावा प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में निजी अस्पताल और मिलिट्री अस्पताल से भी समन्वय स्थापित किया गया है।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा, “जब तक आप उत्तराखंड में हैं, मेरी भूमिका सिर्फ व्यवस्थापक की नहीं, बल्कि आपके अभिभावक के रूप में भी है। आप कभी भी यह मत समझिए कि आप अपने माता-पिता और परिवार से दूर हैं। यहां हम आपकी पूरी देखभाल करेंगे, आप बस बिंदास होकर खेलिए।”
यह पहल खेल मंत्री की जिम्मेदारी और खिलाड़ियों के प्रति समर्थन को दर्शाती है, जिससे प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा है और उन्हें विश्वास भी मिला है कि वे सुरक्षित और समर्थ हैं।