राज्य सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगामी 23 मार्च को आयोजित होने वाले जनपद स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर ऊधम सिंह नगर के प्रभारी मंत्री और कृषि मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को कैंप कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि “जन सेवा थीम” के अंतर्गत आयोजित होने वाले बहुउद्देशीय शिविरों और चिकित्सा शिविरों का अधिकतम लाभ आमजन तक पहुँचे, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शिविरों के सुचारु आयोजन और जनसंपर्क व्यवस्था को मजबूत बनाने पर भी विशेष जोर दिया।
मुख्य कार्यक्रम 23 मार्च को, शिविर 22 से 25 मार्च तक
बैठक के दौरान जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने मंत्री को अवगत कराया कि जनपद में 22 से 25 मार्च 2025 के बीच विभिन्न स्थलों पर चिकित्सा एवं बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जबकि मुख्य जनपद स्तरीय कार्यक्रम 23 मार्च को आयोजित होगा।
मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सभी तैयारियाँ समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं, और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और तालमेल सुनिश्चित किया जाए।
जनप्रतिनिधियों की भी रही सहभागिता
इस वर्चुअल बैठक में रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा, काशीपुर मेयर दीपक बाली, रुद्रपुर मेयर विकास शर्मा, तथा अन्य जनप्रतिनिधियों और जनपद स्तरीय अधिकारियों ने भी भाग लिया और अपने-अपने क्षेत्र की तैयारियों की जानकारी दी।