शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत लक्षद्वीप के शैक्षणिक भ्रमण पर, अगाती द्वीप के विद्यालयों का किया निरीक्षण

उत्तराखंड के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत चार दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण पर लक्षद्वीप पहुंचे हैं। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) के तत्वावधान में आयोजित इस अध्ययन यात्रा के पहले दिन बुधवार को उन्होंने अगाती द्वीप के विभिन्न विद्यालयों का भ्रमण किया और वहां की शैक्षणिक प्रणाली, शिक्षण पद्धति और बुनियादी ढांचे का अवलोकन किया।
डॉ. रावत ने राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल और राजकीय जूनियर बेसिक स्कूल में पहुंचकर शिक्षकों, प्रधानाचार्यों और विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता, नवाचार, मूल्यांकन प्रणाली, शिक्षक प्रशिक्षण और तकनीकी उपयोग जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
लक्षद्वीप मॉडल से प्रेरणा लेने की बात
शिक्षा मंत्री ने लक्षद्वीप की शिक्षा प्रणाली की पर्यावरणीय संवेदनशीलता और सामुदायिक भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि यहां की कुछ प्रभावी शैक्षणिक पहलें उत्तराखंड की शिक्षा नीति में शामिल की जा सकती हैं।
उन्होंने कहा, “लक्षद्वीप का शिक्षा मॉडल नवाचार और तकनीकी समावेशन के दृष्टिकोण से प्रेरणादायक है। इस भ्रमण से उत्तराखंड और लक्षद्वीप के बीच शैक्षिक सहयोग को मजबूती मिलेगी।”
शिष्टमंडल में वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल
इस शैक्षणिक भ्रमण में शिक्षा मंत्री के साथ विद्यालयी शिक्षा सचिव रविनाथ रमन, एससीईआरटी निदेशक अजय नौरियाल, अपर निदेशक पदमेन्द्र सकलानी, सीईओ बागेश्वर गजेन्द्र सिंह सोन, एसएमएसए स्टाफ ऑफिसर भगवती प्रसाद मंदोली, एससीईआरटी प्रवक्ता भुवनेश्वर प्रसाद पंत और प्रधानाध्यापक ख्याली दत्त शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।
डॉ. रावत का यह शैक्षणिक भ्रमण 22 मार्च तक जारी रहेगा, जिसमें वे लक्षद्वीप के अन्य द्वीपों में भी शैक्षणिक गतिविधियों और नीतियों का अध्ययन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!