रायपुर क्षेत्र में जनसेवा केंद्र में हुई लूट के तीन बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। एक बदमाश के पैर व हाथ में गोली लगी है। घटना में शामिल दो बदमाश फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। एक बदमाश के खिलाफ दिल्ली में हत्या, लूट व आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। पूरी घटना का मास्टरमाइंड जनसेवा केंद्र का एक परिचित है, जिसने पूर्व में केंद्र से लोन लिया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि 11 मार्च को दिनदहाड़े तीन बदमाशों ने रायपुर स्थित वाणी विहार भगत सिंह कॉलोनी में पाल जनसेवा में घुसकर तमंचा दिखाकर लूट की घटना को अंजाम दिया था। दिनदहाड़े हुई लूट की घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी जया बलूनी की देखरेख में एसओजी व रायपुर थाना पुलिस की विभिन्न टीमें बनाकर आसपास सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए।
घटना में बिजनौर के गिरोह के शामिल होने की जानकारी मिली। सर्विलांस में कुछ संदिग्ध मोबाइल नंबर भी मिले, जिसके आधार पर पुलिस टीम ने जनसेवा केंद्र के मालिक के परिचित दिलशाद निवासी ग्राम मसीद चांदपुर जिला बिजनौर, वर्तमान निवासी चंदननगर देहरादून को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।