कोटद्वार – नगर निगम क्षेत्र के आमपड़ाव मोहल्ले में रविवार को स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची निजी कंपनी की टीम को स्थानीय लोगों ने बंधक बना लिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने टीम को छुड़ाया और मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
ऊर्जा निगम की ओर से कोटद्वार क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य जारी है। रविवार को जब टीम आमपड़ाव मोहल्ले में मीटर लगाने पहुंची, तो कुछ लोगों ने विरोध किया और कर्मचारियों शुभम गौड़, वसीम, मोहम्मद सुहैल और अनिरुद्ध कुमार के साथ गालीगलौज करते हुए उन्हें बंधक बना लिया।
मामले की जानकारी मिलने पर ऊर्जा निगम के अवर अभियंता सचिन कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। अंततः पुलिस को बुलाया गया, जिसने मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों को सुरक्षित छुड़ाया।
कोतवाली प्रभारी रमेश तनवार ने बताया कि मामले में मोहल्ला आमपड़ाव निवासी आशाराम को गिरफ्तार किया गया है। आशाराम नगर निगम की एक महिला पार्षद के पति हैं। पुलिस ने आशाराम समेत दो लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।