देहरादून हादसा: चार मजदूरों की जान लेने वाली कार बरामद, चालक की तलाश में जुटी पुलिस

राजधानी देहरादून में बुधवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में चार मजदूरों की मौत के बाद पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। राजपुर रोड पर दुर्घटना के बाद फरार हुई तेज रफ्तार कार को सहस्त्रधारा क्षेत्र के एक खाली प्लॉट से बरामद कर लिया गया है। हालांकि, कार चालक अब भी फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि हादसे में शामिल कार दिल्ली से खरीदी गई थी। हादसे की रात ही देहरादून पुलिस की एक टीम दिल्ली रवाना हुई और वहां से वाहन की डिटेल्स व खरीद संबंधी जानकारी जुटा ली गई है। साथ ही एक अन्य टीम ने चंडीगढ़ पहुंचकर वाहन मालिक से संबंधित अहम सुराग भी जुटाए हैं।

हादसे के बाद पूरे शहर में पुलिस की कई टीमों ने रातभर सघन सर्च और चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान सहस्त्रधारा क्षेत्र में एक खाली प्लॉट में छिपाकर रखी गई संदिग्ध कार बरामद की गई। फिलहाल, पुलिस कार की फॉरेंसिक जांच कर रही है और चालक की तलाश तेजी से जारी है।

पुलिस हादसे को गंभीरता से लेते हुए इसे हाई-प्रोफाइल मामला मान रही है। सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और आसपास के लोगों से पूछताछ के जरिए चालक तक पहुंचने की कोशिशें की जा रही हैं।
बता दें कि बुधवार देर रात राजपुर रोड पर तेज रफ्तार कार ने चार मजदूरों को कुचल दिया था, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद से ही शहर में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!