देहरादून में श्री झंडा जी मेले की भव्य शुरुआत, 86 फीट ऊंचे ध्वजदंड का हुआ आरोहण

देहरादून। ऐतिहासिक श्री झंडा जी मेला शनिवार को श्री गुरु राम राय दरबार साहिब में 86 फीट ऊंचे झंडेजी के शुभ आरोहण के साथ विधिवत शुरू हो गया। इस पावन क्षण के साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु दरबार साहिब पहुंचे और जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
दोपहर दो बजे से सज्जादा गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज की अगुआई में झंडेजी के आरोहण की प्रक्रिया शुरू हुई। इस बार पंजाब के संसार सिंह के परिवार को दर्शनी गिलाफ चढ़ाने का सौभाग्य मिला, जिसकी बुकिंग करीब 100 वर्ष पहले की गई थी।
सुबह झंडेजी को दूध, दही और गंगाजल से स्नान कराने के बाद पूजा-अर्चना की गई। झंडेजी को लकड़ी की परंपरागत कैंचियों के सहारे खड़ा किया गया। जयकारों और ढोल-नगाड़ों के बीच श्रद्धालु भावविभोर होकर नृत्य करते नजर आए।
लाइव प्रसारण, ड्रोन कवरेज, और शहरभर में लंगर सेवा के साथ इस आयोजन ने पूरे देहरादून को भक्तिमय माहौल में रंग दिया। मेले का आयोजन रामनवमी (30 मार्च) तक चलेगा, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
मेले की अगली मुख्य परंपरा नगर परिक्रमा 14 मार्च को होगी, जिसमें 25 हजार से अधिक संगत भाग लेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!