श्री खाटू श्याम सेवा समिति विकासनगर ने निकाली भव्य निशान यात्रा, 21 किमी पैदल चलते रहे भक्त

श्री खाटू श्याम सेवा समिति, विकासनगर की ओर से श्याम फाल्गुन महोत्सव के अवसर पर शनिवार को भव्य निशान यात्रा का आयोजन किया गया। श्रद्धा और आस्था के रंगों से सराबोर इस यात्रा की शुरुआत प्राचीन शिव मंदिर, कैनाल रोड से हुई और समापन सेलाकुई स्थित श्री खाटू श्याम धाम में हुआ।
सुबह 7 बजे वैदिक मंत्रोच्चारण और निशान पूजन के साथ यात्रा आरंभ हुई। शोभायात्रा की अगुवाई फूलों से सजी बग्घी में विराजमान खाटू श्याम बाबा कर रहे थे। रंग-बिरंगे अबीर-गुलाल और डीजे की भक्तिमय धुनों पर झूमते भक्तों ने पूरे मार्ग को भक्ति रस में डुबो दिया।
यात्रा में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों समेत हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। चाय बाग, बरोटीवाला चौक और सहसपुर होते हुए यात्रा ने करीब 21 किलोमीटर की दूरी तय की। रास्तेभर सामाजिक और स्वयंसेवी संगठनों ने जगह-जगह यात्रियों का भव्य स्वागत किया।
भक्त “फागण आयो रे सांवरिया तेरी याद सतावे रे” और “जगत में दो ही नाम – राम कहो या श्याम” जैसे भजनों पर थिरकते नजर आए। बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए ई-रिक्शा और ऑटो की भी विशेष व्यवस्था की गई थी।
धाम पहुंचकर भक्तों ने बाबा खाटू श्याम को निशान अर्पण किए। इसके पश्चात मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इस आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष अंकित कंसल समेत कौशल गुप्ता, एकांत गुप्ता, दिव्यांश गर्ग, अंकित जैन, हेमंत गुप्ता, अनिल गोयल, रजत जैन, सचिन गोयल और राजीव टंडन सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!