कैबिनेट विस्तार की अटकलों के बीच दिल्ली पहुंचे सीएम धामी, बोले— “यह तो सामान्य दौरा था”

उत्तराखंड में कैबिनेट विस्तार की चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के दिल्ली दौरे ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। सूत्रों के अनुसार, होली के बाद धामी मंत्रिमंडल में फेरबदल की संभावना जताई जा रही है, जिसमें कुछ नए चेहरे शामिल हो सकते हैं तो कुछ पुराने मंत्रियों की छुट्टी भी हो सकती है।
दिल्ली दौरे को लेकर जब पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से सवाल किया, तो उन्होंने अपने सहज अंदाज़ में कहा,
“दिल्ली आने का कार्यक्रम पहले से तय था। यह कोई नया दौरा नहीं था। सब कुछ सामान्य है। अगर किसी को कुछ नया लग रहा है तो वो अलग बात है, लेकिन मैं तो सामान्य स्थिति में ही दिल्ली गया था।”

भट्ट ने फिर दिए कैबिनेट विस्तार के संकेत
वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी साफ संकेत देते हुए कहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार अब जल्द होने वाला है। उन्होंने कहा,
“मुख्यमंत्री को इस पर निर्णय लेना है और वे केंद्रीय नेतृत्व से बातचीत कर रहे हैं। अब इसमें कोई संदेह नहीं कि कैबिनेट विस्तार होगा। इसकी प्रक्रिया बहुत जल्द पूरी होगी।”
भट्ट ने यह भी बताया कि राज्य की वर्तमान राजनीतिक स्थिति की रिपोर्ट हाईकमान को भेज दी गई है, जिसके बाद से इस मुद्दे पर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सीएम धामी का संदेश
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सीएम धामी ने राज्य और देश की सभी महिलाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि
“नए भारत के निर्माण में महिलाओं का अहम योगदान है। चाहे राजनीति हो, विज्ञान या अन्य कोई क्षेत्र— महिलाएं आज हर मोर्चे पर आगे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं।”
उन्होंने आगे कहा,
“उत्तराखंड सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सभी सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया है, जो उनके आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम है।”

राजनीतिक माहौल गरम, फैसले की घड़ी नजदीक
राजनीतिक गलियारों में अब यह तय माना जा रहा है कि होली के तुरंत बाद उत्तराखंड मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। हालांकि आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है, लेकिन दिल्ली दौरे और शीर्ष नेतृत्व से बातचीत के बाद जल्द ही बड़ा फैसला सामने आ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!