गैरसैंण: टूटी सड़क पर ‘डेथ रोड’ बैनर लगाकर ग्रामीणों का अनोखा विरोध, सुधारीकरण की मांग तेज

गैरसैंण (चमोली) – विकासखंड गैरसैंण के टेंटुडा से नैणी गांव तक बनाई गई सड़क की बदहाली के खिलाफ ग्रामीणों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन शुरू किया है। जगह-जगह टूट चुकी सड़क पर ग्रामीणों ने ‘डेथ रोड’ (मृत सड़क) के बैनर लगाकर प्रदर्शन किया और निर्माण कार्य में लापरवाही को लेकर सुधारीकरण की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के कुछ ही महीनों बाद जगह-जगह दरारें और गड्ढे बन गए हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।
खराब गुणवत्ता, टूटी सड़क
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत टेंटुडा से नैणी तक 3.40 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण ब्रिडकुल द्वारा 199.75 लाख रुपये की लागत से किया गया था। निर्माण कार्य 1 अक्टूबर 2021 को शुरू होकर 31 मार्च 2022 को पूर्ण किया गया था। लेकिन ग्रामीणों के अनुसार, सड़क कुछ ही समय में टूटने लगी और डामर भी जगह-जगह से उखड़ गया।
पूर्व प्रधान गजेंद्र सिंह, यशवंत सिंह, इंद्र सिंह कंडारी, ममंद अध्यक्ष हंसी रावत सहित अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि करीब दो किलोमीटर तक सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इसके साथ ही सुरक्षा दीवारें (पुश्ते) भी कई जगहों पर टूट गई हैं। ग्रामीणों ने सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

जांच और आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने निर्माणदायी एजेंसी ब्रिडकुल के खिलाफ जांच की मांग की है और कहा है कि यदि जल्द सुधारीकरण कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ‘डेथ रोड’ के बैनर लगाकर उन्होंने साफ संकेत दिया है कि यह सड़क हादसों को दावत दे रही है और शासन को जल्द कार्रवाई करनी चाहिए।

सड़क मरम्मत के लिए भेजी गई DPR
इस बीच, विधायक अनिल नौटियाल ने जानकारी दी कि सड़क मरम्मत के लिए आपदा मद से लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) शासन को भेजी गई है। शासन स्तर पर वार्ता जारी है और डीपीआर स्वीकृत होते ही सड़क सुधारीकरण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

ग्रामीणों के अनोखे विरोध के बाद अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि शासन कब तक इस टूटती सड़क की सुध लेता है और कब शुरू होता है बहुप्रतीक्षित मरम्मत कार्य।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!