पीएम मोदी के जन्मदिन पर चारधाम में विशेष अनुष्ठान, देशभर में दीर्घायु की कामना – Bharat Naman

पीएम मोदी के जन्मदिन पर चारधाम में विशेष अनुष्ठान, देशभर में दीर्घायु की कामना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर उत्तराखंड के चारों धामों में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान किए गए। गंगोत्री धाम में तीर्थ पुरोहितों द्वारा मां गंगा की विधि-विधान से विशेष धारा पूजन और आरती संपन्न की गई। इस दौरान प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए प्रार्थना की गई।

यमुनोत्री धाम, केदारनाथ धाम और बदरीनाथ धाम में भी विशेष पूजा और आरती का आयोजन किया गया। चारों धामों में श्रद्धालुओं और तीर्थ पुरोहितों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घ और सुखमय जीवन के लिए मंगलकामनाएं कीं। जन्मदिन के इस अवसर पर पूरे धार्मिक वातावरण में भक्ति और आस्था का विशेष संगम देखने को मिला।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भावपूर्ण पत्र लिखते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। अपने पत्र में सीएम धामी ने श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोक “कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन” का उल्लेख करते हुए कहा कि फल की आसक्ति से मुक्त होकर लोक-कल्याण के लिए समर्पित होना ही वास्तविक तपस्या है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि महात्मा बुद्ध, आचार्य चाणक्य, स्वामी विवेकानंद, महात्मा गांधी और बाबासाहेब आंबेडकर जैसे महापुरुषों से लेकर वर्तमान समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक सभी ने भारत के नवनिर्माण और वैश्विक मंच पर उसकी प्रतिष्ठा बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है। एक साधारण पृष्ठभूमि और चाय बेचने के संघर्ष से देश के शीर्ष नेतृत्व तक का प्रधानमंत्री मोदी का सफर हर देशवासी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *