मसूरी में अवैध निर्माण पर प्रशासन और एमडीडीए की कार्रवाई, 4 दुकानों पर चला बुलडोजर

मसूरी के अपर माल रोड स्थित रॉक स्टोन के पास अनधिकृत निर्माण के खिलाफ प्रशासन और मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने बड़ी कार्रवाई की। एसडीएम के आदेश पर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से चार दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुटे रहे।

एमडीडीए के सहायक अभियंता अजय मलिक ने बताया कि अवैध निर्माण को लेकर संजय मेहरोत्रा और राजीव मेहरोत्रा के खिलाफ वाद दर्ज किया गया था। सुनवाई पूरी होने के बाद 17 अगस्त 2026 को ध्वस्तीकरण आदेश जारी किया गया, जिसके अनुपालन में सोमवार को कार्रवाई की गई।

ध्वस्तीकरण अभियान एसडीएम के आदेश पर अवर अभियंता अनुराग नौटियाल, अनुज पांडेय और सुपरवाइजर संजीव की मौजूदगी में पूरा किया गया। सुरक्षा व्यवस्था की कमान कोतवाली मसूरी के एसएचओ देवेंद्र सिंह चौहान ने संभाली, जबकि नायब तहसीलदार उपेंद्र सिंह राणा भी मौके पर मौजूद रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल और महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई थी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संबंधित स्थान पर दोबारा किसी भी प्रकार का अनधिकृत निर्माण नहीं होने दिया जाएगा और निगरानी जारी रहेगी। अधिकारियों ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!