ऋषिकेश में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के मामले ने लोगों में भारी आक्रोश है। घटना के विरोध में गुस्साए लोगों ने संबंधित होटल में तोड़फोड़ की, जिसके बाद इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ होटल प्रबंधन की भूमिका भी गंभीर सवालों के घेरे में है।
उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने एम्स पहुंचकर पीड़िता और उसके परिजनों से मुलाकात कर न्याय व सुरक्षा का भरोसा दिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से बात कर फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
जांच में सामने आया है कि होटल में पहचान संबंधी दस्तावेजों की ठीक से जांच नहीं की जाती थी और अतिरिक्त रकम लेकर कमरे उपलब्ध कराए जाते थे। आरोप है कि घटना के समय होटल के सीसीटीवी कैमरे बंद थे, पुलिस होटल में संभावित अनैतिक गतिविधियों के संचालन की भी जांच कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी द्वारा घटना के बाद नाबालिग का वीडियो बनाने की भी आशंका है। पुलिस आरोपी और उसके साथियों के मोबाइल फोन ट्रेस कर डिजिटल साक्ष्यों की जांच में जुटी है। वहीं, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है और उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।