मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के युवाओं को वैश्विक स्तर पर बेहतर रोजगार के लिए विदेशों में उपलब्ध अवसरों के अनुरूप कौशल और भाषा प्रशिक्षण देने पर जोर दिया है। मुख्यमंत्री आवास में जमैका, इथियोपिया और जाम्बिया में भारत के उच्चायुक्तों और राजदूतों के साथ हुई बैठक में विभिन्न देशों में रोजगार की संभावनाओं और कुशल मानव संसाधन की मांग पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन देशों में रोजगार की अधिक संभावनाएं हैं, वहां की आवश्यकताओं के अनुसार युवाओं को प्रशिक्षित किया जाए।
उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं में क्षमता की कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें वैश्विक मांग के अनुरूप तैयार करने की। जाम्बिया में शिक्षा और कृषि, जमैका में पर्यटन, स्वास्थ्य सेवा और नर्सिंग, जबकि इथियोपिया में प्रबंधन, लॉजिस्टिक्स, फार्मा और फ्लोरीकल्चर के क्षेत्र में रोजगार के अच्छे अवसर मौजूद हैं। मुख्यमंत्री ने इन क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही उत्तराखंड के होम स्टे मॉडल, आयुर्वेद, वेलनेस और उद्योग क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।