देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरा उत्तराखंड देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। देहरादून से लेकर बदरीनाथ धाम, देवप्रयाग और थराली तक जगह-जगह तिरंगा शान से लहराया गया। 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लोगों में उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास पर ध्वजारोहण किया। इससे पहले मुख्यमंत्री समेत मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया। इसके बाद सीएम धामी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सभी को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया। उन्होंने कहा कि अमर बलिदानियों के सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।
सीएम धामी ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए हर नागरिक को अपने कार्यक्षेत्र में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ योगदान देना होगा। उन्होंने जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों को देश के विकास की बड़ी ताकत बताया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी और खिलाड़ी सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को पदक देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही राज्य का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
बदरीनाथ धाम में भी गूंजा भारत माता का जयघोष
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बदरीनाथ धाम में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। मंदिर परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान बदरी विशाल के जयकारों के साथ भारत माता की जय के नारे लगाए। धार्मिक आस्था के साथ धाम में देशभक्ति का रंग भी साफ नजर आया।