चमोली में बड़ा हादसा: THDC की निर्माणाधीन टनल में भूस्खलन, 7 मजदूरों की मौत

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में विष्णुगाड–पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन टीआरटी (टेल रेस टनल) में बड़ा हादसा हो गया। बृहस्पतिवार शाम करीब 6:10 बजे सरिया वेल्डिंग के दौरान टनल में अचानक भारी मात्रा में पानी, पत्थर और मलबा घुस गया। हादसे के वक्त टनल में 22 मजदूर मौजूद थे, जिनमें से कई मलबे की चपेट में आ गए।

जानकारी के मुताबिक, हादसे के बाद रेस्क्यू अभियान चलाकर अब तक 19 मजदूरों को बाहर निकाला गया है। इनमें 7 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 11 घायलों का जिला अस्पताल गोपेश्वर में उपचार चल रहा है।

बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर मजदूर काम कर रहे थे, उससे करीब 150 मीटर दूर भूस्खलन हुआ। इसके बाद पानी के तेज बहाव के साथ पत्थर और मलबा टनल के भीतर आ गया और मजदूर इसकी चपेट में आ गए।

हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना और अन्य संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। सभी टीमें मिलकर युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। मलबे में फंसे मजदूरों की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है।

मुख्यमंत्री धामी करेंगे घटनास्थल का दौरा

हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राहत और बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से घटना की पल-पल की जानकारी ली और कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना है। मुख्यमंत्री धामी पीपलकोटी पहुंचकर हादसा स्थल का दौरा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!