नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देहरादून पहुंच चुके हैं, जहां एयरपोर्ट पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। शहर पहुंचने के बाद उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ और समर्पित कार्यकर्ता रहे दिवंगत अमर मेहता के परिजनों से मुलाकात कर गहरा शोक व्यक्त किया और परिवार को इस कठिन समय में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। अमर मेहता लंबे समय से कांग्रेस संगठन से जुड़े थे और पार्टी के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे थे। उनके निधन को कांग्रेस ने बड़ी क्षति बताया है।
बताया जा रहा है कि छात्रों के ‘गूंज’ कार्यक्रम की तैयारी के दौरान जर्मन हैंगर संरचना खड़ी करते समय एल्युमिनियम का एक खंभा गिर गया, जिसकी चपेट में आने से 65 वर्षीय अमर मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तुरंत सीएमआई अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
देहरादून दौरे के दौरान राहुल गांधी छात्रों के ‘गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें संबोधित करेंगे और संवाद भी करेंगे। कार्यक्रम के लिए विशेष पंडाल और मंच तैयार किया गया है। बड़ी संख्या में छात्रों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए खड़े होकर भाग लेने की व्यवस्था की गई है। छात्रों की सुविधा के लिए कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं को तैनात किया गया है, साथ ही पेयजल और सहायता केंद्रों की व्यवस्था भी की गई है।
महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी के अनुसार कार्यक्रम को लेकर युवाओं में भारी उत्साह है और 2.5 लाख से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया है। हालांकि पंडाल में केवल पंजीकृत छात्रों को ही प्रवेश दिया जाएगा और स्थल पर भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी।