27 जुलाई से शुरू होंगे लोअर पीसीएस के साक्षात्कार, आयोग ने जारी किया शेड्यूल

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने लोअर पीसीएस 2024 के साक्षात्कार का कार्यक्रम जारी कर दिया है। पहले चरण के साक्षात्कार 27 जुलाई से शुरू होकर 3 सितंबर तक आयोजित किए जाएंगे। आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि पिछले वर्ष 13 और 14 सितंबर को मुख्य परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसका परिणाम 27 मार्च को घोषित हुआ था। इसके बाद सफल 406 अभ्यर्थियों का अभिलेख सत्यापन 18 मई से 21 मई के बीच कराया गया, जिसमें से 328 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए अर्ह पाया गया है।

आयोग के मुताबिक शेष अभ्यर्थियों के अभिलेखों की जांच प्रक्रिया जारी है और सत्यापन पूरा होने के बाद उनके साक्षात्कार भी निर्धारित किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के समय अपने सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे हाईस्कूल और इंटर की अंकतालिकाएं व प्रमाण पत्र, स्नातक और परास्नातक की डिग्री, आरक्षण प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, पहचान पत्र और पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाने होंगे।

इसके साथ ही साक्षात्कार से पूर्व सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अभ्यर्थियों को 80 रुपये तथा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों को 30 रुपये शुल्क आयोग कार्यालय में जमा कराना होगा।

आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!