सरकारी योजनाओं का लाभ सही पात्रों तक पहुंचे, इसे सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। हरिद्वार के मदरसों में 12,289 फर्जी नामांकन मिलने के बाद अब पांच जिलों के सरकारी स्कूलों में मिड डे मील और छात्र संख्या का सत्यापन कराया जाएगा।
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शिक्षा महानिदेशालय और सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों (सीईओ) को जांच के निर्देश दिए हैं। जांच के दौरान स्कूलों में वास्तविक छात्र संख्या और उसी के अनुरूप तैयार किए जा रहे मिड डे मील का मिलान किया जाएगा।
यह जांच ऊधमसिंह नगर, हरिद्वार, देहरादून के मैदानी क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों के अलावा पौड़ी के कोटद्वार तथा नैनीताल जिले के हल्द्वानी और रामनगर में भी होगी। जांच की जिम्मेदारी शिक्षा महानिदेशालय, पीएम पोषण कार्यालय और संबंधित सीईओ को सौंपी गई है।
दरअसल, शासन के निर्देश पर हरिद्वार जिला प्रशासन ने हाल ही में कई मदरसों की जांच की थी। जांच में मार्च 2026 के रिकॉर्ड में 31,780 छात्रों का नामांकन दर्ज मिला, जबकि अप्रैल 2026 में सत्यापन के बाद वास्तविक संख्या 19,491 पाई गई। यानी 12,289 नामांकन फर्जी पाए गए, जिसके बाद सरकार ने सरकारी स्कूलों में भी छात्र संख्या और मिड डे मील व्यवस्था की व्यापक जांच कराने का फैसला किया है।