देहरादून: महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग ने उत्तराखंड में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के 3211 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग ने योग्य अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 29 जुलाई निर्धारित की गई है।
विभाग के निदेशक ने बताया कि भर्ती के लिए अभ्यर्थियों की स्थानीय निवासी होने की शर्त तय की गई है। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार का उसी राजस्व गांव का निवासी होना जरूरी होगा, जबकि शहरी क्षेत्रों में अभ्यर्थी को संबंधित वार्ड क्षेत्र का निवासी होना चाहिए।
उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के लिए आवेदन ऑनलाइन माध्यम से किए जाएंगे। अभ्यर्थी की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता राज्य सरकार से मान्यता प्राप्त बोर्ड से इंटरमीडिएट या उसके समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना निर्धारित की गई है।
विभाग का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों को और मजबूत किया जाएगा, जिससे बाल विकास और महिला सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाओं का बेहतर संचालन हो सकेगा।