विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत चुनाव आयोग ने प्रदेश के 11,733 बूथ लेवल ऑफिसरों (BLO) को एक महीने के मोबाइल डाटा रिचार्ज के लिए 350 रुपये देने का निर्णय लिया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के अनुसार, राशि भुगतान के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि एसआईआर अभियान के दौरान बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फॉर्म उपलब्ध कराएंगे और प्राप्त प्रपत्रों को बीएलओ एप के माध्यम से डिजिटलाइज करेंगे। डिजिटल प्रक्रिया के दौरान इंटरनेट की सुविधा प्रभावित न हो, इसलिए सभी बीएलओ को मोबाइल डाटा रिचार्ज की राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
मतदाता चाहें तो बीएलओ का इंतजार किए बिना ECI Net मोबाइल एप या निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से भी स्वयं एसआईआर फॉर्म भरकर ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। इसके लिए वोटर आईडी नंबर दर्ज कर आगे की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।