हरदोई में चैत्र नवरात्र के चौथे दिन रविवार को श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के चौथे स्वरूप माता कूष्मांडा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने अभय, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करते हुए मां के चरणों में माथा टेका। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक घरों और मंदिरों में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
सुबह से ही घरों और मंदिरों में पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने मां को फल-फूल, नारियल, चुनरी, लौंग और बताशे अर्पित कर भोग लगाया। महोलिया शिवपार स्थित माता काली मंदिर में पूरे दिन भक्तों की भारी भीड़ रही, जहां विशेष पूजन, दुर्गा सप्तशती पाठ, चालीसा और आरती का आयोजन किया गया।
घरों में महिलाओं ने पूरे विधि-विधान के साथ मां कूष्मांडा की आराधना की, वहीं बच्चों और युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर पूजा में हिस्सा लिया। विद्वानों के अनुसार मां कूष्मांडा की उपासना से भय और संकट दूर होते हैं तथा जीवन में साहस और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। श्रद्धालुओं ने मां से सभी के जीवन में सुख-शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।