देहरादून: गृह विभाग ने शुक्रवार को उत्तराखंड पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 15 अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के तबादले किए हैं। इनमें से 11 एएसपी ऐसे अधिकारी हैं, जिन्हें हाल ही में डीएसपी से एएसपी पद पर पदोन्नति मिली थी। इसके साथ ही पुलिस मुख्यालय ने सात उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) के भी तबादले किए हैं।
आदेश के अनुसार, एएसपी शाहजहां अंसारी को पुलिस मुख्यालय से यातायात निदेशालय में तैनाती दी गई है। एएसपी जोधराम जोशी को टिहरी से स्थानांतरित कर उप सेनानायक पीएसी हरिद्वार बनाया गया है। वहीं, राजन सिंह को पुलिस मुख्यालय से एएसपी पीएसी मुख्यालय और कमला बिष्ट को सीआईडी हल्द्वानी से एएसपी ट्रेनिंग पुलिस मुख्यालय भेजा गया है।
पदोन्नति के बाद हुए तबादलों में एएसपी दीपक सिंह को ऊधमसिंह नगर से टिहरी, विवेक कुमार को हरिद्वार से एसटीएफ, नरेंद्र पंत को हरिद्वार से इंटेलीजेंस हल्द्वानी, जूही मनराल को इंटेलीजेंस मुख्यालय से पुलिस मुख्यालय तथा अंकुश मिश्रा को इंटेलीजेंस मुख्यालय से पुलिस मुख्यालय में एएसपी अपराध एवं कानून व्यवस्था के पद पर तैनात किया गया है।
इसके अलावा एएसपी पूर्णिमा गर्ग को देहरादून से एएसपी कार्मिक पुलिस मुख्यालय, आशीष भारद्वाज को आईआरबी द्वितीय से सीआईडी मुख्यालय, अविनाश वर्मा को मुख्यमंत्री सुरक्षा से मुख्य सुरक्षा अधिकारी मुख्यमंत्री सुरक्षा और दीपशिखा अग्रवाल को नैनीताल से विजिलेंस हल्द्वानी ट्रांसफर किया गया है। शांतनु पाराशर एसडीआरएफ में ही अब उप सेनानायक के रूप में कार्य करेंगे, जबकि अनुषा बडोला एटीसी हरिद्वार में ही उप सेनानायक बनी रहेंगी।
वहीं डीएसपी स्तर पर हुए तबादलों में वंदना शर्मा को चंपावत से देहरादून लाया गया है। योगेश चंद को इंटेलीजेंस मुख्यालय से पुलिस मुख्यालय, ओशिन जोशी को टिहरी से सीआईडी सेक्टर देहरादून, भास्कर लाल शाह को देहरादून से विधानसभा सुरक्षा, मनोज के असवाल को देहरादून से इंटेलीजेंस मुख्यालय, बलवंत सिंह रावत को इंटेलीजेंस मुख्यालय से अल्मोड़ा और गोपाल दत्त जोशी को अल्मोड़ा से इंटेलीजेंस मुख्यालय स्थानांतरित किया गया है।