अंकिता हत्याकांड से जुड़े एक ऑडियो के वायरल होने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि यह पूरा मामला सुनियोजित साजिश का हिस्सा है, जिसे दबाव बनाकर रचा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को यह चिंता सता रही है कि यह मुद्दा उसके हाथ से निकलता जा रहा है, जबकि भाजपा किसी भी स्तर की जांच से पीछे हटने वाली नहीं है।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा नेताओं पर आरोप लगाने वाली महिला के वायरल ऑडियो से स्पष्ट होता है कि भाजपा प्रदेश प्रभारी समेत अन्य नेताओं को बदनाम करने के उद्देश्य से योजनाबद्ध तरीके से दबाव बनाया गया। उन्होंने इसे राजनीतिक षड्यंत्र करार दिया।
भट्ट ने कहा कि अब इस पूरे मामले में सवाल उठाने वाली कांग्रेस खुद सवालों के घेरे में आ गई है। उन्होंने यह भी दोहराया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि अंकिता के परिजनों से बातचीत कर आरोपों की विधिक समीक्षा के बाद सभी आवश्यक जांच प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच एसआईटी कर रही है और सभी संबंधित पक्षों से पूछताछ जारी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार ने अब तक हर निर्णय में पारदर्शिता बरती है और वह हर कसौटी पर खरी उतरी है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार ने प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल पर प्रभावी रोक लगाई और रिकॉर्ड संख्या में भर्तियां की हैं।