बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर और आसपास के क्षेत्रों में शनिवार दोपहर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 3.6 मापी गई। अचानक धरती में कंपन महसूस होने पर कुछ स्थानों पर लोग घरों से बाहर निकल आए।जानकारी के अनुसार जिले में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल के अनुसार, भूकंप का समय दोपहर 12 बजकर 35 मिनट 11 सेकंड दर्ज किया। भूकंप का केंद्र बागेश्वर क्षेत्र में जमीन के भीतर लगभग पांच किलोमीटर की गहराई पर था।
भूकंप का केंद्र 29.984 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 79.692 डिग्री पूर्वी देशांतर पर बताया गया है। भूकंप का केंद्र कम गहराई पर होने के कारण आसपास के क्षेत्रों में झटके महसूस किए गए।
भूकंप के झटके महसूस होने के बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम सतर्क हो गई। जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के माध्यम से सभी तहसीलों, पुलिस चौकियों और राजस्व उपनिरीक्षकों से स्थिति की जानकारी ली जा रही है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को तुरंत सूचित करने की अपील की है।फिलहाल बागेश्वर में स्थिति सामान्य बताई जा रही है और प्रशासन की ओर से फीडबैक लिया जा रहा है।