हरिद्वार से कांवड़ यात्रा की शुरुआत, गंगाजल लेकर निकले शिवभक्त, गूंजे ‘बम-बम भोले’ के जयकारे

धर्मनगरी हरिद्वार में आज से कांवड़ यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया है। श्रावण मास के इस पावन अवसर पर हर की पैड़ी और गंगा घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं, जहां शिवभक्त गंगाजल भरकर अपनी-अपनी कांवड़ यात्रा पर निकल पड़े। कंधों पर कांवड़ और हाथों में गंगाजल लिए श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का स्मरण करते हुए अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं।

धर्मनगरी ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठी है। रंग-बिरंगी कांवड़, भगवा वस्त्र और भक्ति के माहौल ने पूरे हरिद्वार को शिवमय बना दिया है। करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।

पूरे मेला क्षेत्र को 18 सुपर जोन, 40 जोन और 141 सेक्टरों में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। कांवड़ पटरी मार्ग, राष्ट्रीय राजमार्ग, प्रमुख घाटों, मंदिरों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस और अर्द्धसैनिक बल के करीब 6000 जवान तैनात किए गए हैं। यात्रा मार्गों पर लगातार पुलिस गश्त की जाएगी, जबकि ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी और कंट्रोल रूम के माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।

गंगा जल को भगवान शिव का प्रसाद मानते हुए यह आस्था की यात्रा अब अगले कई दिनों तक हरिद्वार से देश के विभिन्न हिस्सों तक निरंतर जारी रहेगी। प्रशासन के अनुसार कांवड़ यात्रा 11 अगस्त तक चलेगी और इस दौरान यातायात व सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!