कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने रूट प्लान, पार्किंग और निगरानी व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक की। देहरादून ग्रामीण एसपी जया बलूनी ने बताया कि यात्रा के दौरान पैदल और वाहन से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नीलकंठ धाम जाने वाले वाहनों के लिए मुख्य पार्किंग स्थल ऋषिकेश स्थित आईडीपीएल को निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस का प्रयास है कि कांवड़ यात्रियों की यात्रा सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित ढंग से पूरी हो सके। इसके लिए श्रद्धालुओं से भी अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
कांवड़ यात्रा के दौरान ऋषिकेश में कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जाएगी। वहीं हरिद्वार में कांवड़ मेले के चलते यातायात दबाव को देखते हुए सूचना आयोग ने सुनवाई वर्चुअल माध्यम से करने का निर्णय लिया है।