देहरादून। उत्तराखंड में सक्रिय मानसून और जगह-जगह सड़क बाधित होने की खबरों के बीच राज्य निर्वाचन आयोग आगामी पंचायत चुनावों को लेकर अब सतर्क मोड में आ गया है। आयोग ने सभी जिलाधिकारियों (DM) से चुनाव के दौरान आपदा प्रबंधन की कार्ययोजना मांगी भी है और जरूरत पड़ने पर हेलिकॉप्टर से पोलिंग पार्टियों को भेजने की भी तैयारी भी की जा रही है।
पंचायत चुनाव की दो चरणों में वोटिंग:
राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने बताया कि पंचायत चुनाव के 2 चरणों में मतदान होगा—
- पहला चरण: 24 जुलाई
- दूसरा चरण: 28 जुलाई
इन तिथियों के आसपास मौसम खराब रहने की आशंका को देखते हुए आयोग लगातार मौसम विभाग से अपडेट भी ले रहा है।
7 जुलाई को होगी अहम समीक्षा बैठक
आयुक्त ने जानकारी दी कि 7 जुलाई को सभी डीएम के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक होगी, जिसमें जिलाधिकारी आपदा से निपटने की तैयारियों और आवश्यकताओं की जानकारी देंगे। यह रिपोर्ट बाद में आपदा प्रबंधन सचिव को भी सौंपी जाएगी।
हेलिकॉप्टर होंगे तैयार
अब तक शासन को विशेष प्रस्ताव नहीं भेजा गया है, लेकिन यदि किसी क्षेत्र में सड़क संपर्क टूटता है, तो हेलिकॉप्टर से पोलिंग पार्टियों को भेजने की व्यवस्था भी की जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर आपदा प्रबंधन विभाग ने 2 हेलिकॉप्टर पहले से स्टैंडबाय में तैनात भी कर दिए हैं, जिन्हें राहत और चुनाव कार्यों में प्रयोग किया जा सकता है।