देहरादून के 125 सरकारी प्राथमिक व जूनियर स्कूलों में रसोई नहीं है। स्कूलों में खुले में मिड-डे मील बनाया जा रहा है। इससे भोजन की गुणवत्ता पर खतरा मंडराता रहता है।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने बुधवार को क्लेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना की समीक्षा के लिए क्रियान्वयन व अनुश्रवण समिति की बैठक ली। इसमें पीएम पोषण योजना की प्रगति, मिड-डे मील की गुणवत्ता, अतिरिक्त सप्लीमेन्ट्री न्यूट्रीशन व बच्चों के विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर गंभीरता से चर्चा कर निर्देश दिए। डीएम ने जीर्णशीर्ण 695 विद्यालयों में रसोई की मरम्मत को भी जिला प्लान में शामिल करने के निर्देश दिए।
पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना की समीक्षा के दौरान जब यह सच डीएम सविन बंसल के सामने आया तो उन्होंने तत्काल अनटाइड फंड से एक करोड़ रुपये जारी कर स्कूलों में रसोई का निर्माण कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि इस कार्य में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी स्कूलों में मध्याह्न भोजन के लिए रसोई का निर्माण अतिशीघ्र कर लिया जाए। उन्होंने कहा, भोजन में गुणवत्ता व पोषक तत्वों का विशेष ध्यान रखें।