प्रदेश के 40 वरिष्ठ आईएएस अफसर अपनी प्रथम नियुक्ति स्थल को गोद लेंगे। वहां अब तक हुए बदलावों को देखते हुए विकास का नया आयाम स्थापित करेंगे। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मंगलवार को इस संबंध में सभी प्रमुख सचिव, सचिव, अपर सचिवों को आदेश जारी कर दिया।\
जारी आदेश के मुताबिक, भारतीय प्रशासनिक सेवा के 8700 या इससे अधिक ग्रेड-पे के अधिकारियों को अपने प्रथम नियुक्ति के कार्य क्षेत्र (विकासखंड, तहसील या जिला मुख्यालय) को गोद लेना होगा। एक ही जगह दो अधिकारियों की प्रथम तैनाती होने पर उनमें से एक अपनी दूसरी तैनाती का कार्यक्षेत्र देखेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अपेक्षा के अनुरूप इन अधिकारियों को प्रथम कार्यक्षेत्र में काम करना है।